परशुराम जन्मोत्सव पर बिलासपुर में 4 दिवसीय आयोजन, 21 अप्रैल को भव्य शोभायात्रा

छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़
रिपोर्ट. धर्मेंद्र कुमार पांडेय बिलासपुर… भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर शहर में 18 से 21 अप्रैल तक चार दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारी समग्र ब्राह्मण समाज एवं परशु सेना के नेतृत्व में की जा रही है, जिसमें विभिन्न ब्राह्मण समाजों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। 18 अप्रैल को लोखंडी स्थित कान्यकुब्ज भवन में पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। 19 अप्रैल को परशु सेना द्वारा होटल आनंदा इंपीरियल में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। 20 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर इमलीपारा कान्यकुब्ज भवन में पूजा एवं भंडारा, घोघा बाबा मंदिर में उपनयन संस्कार तथा राजकिशोर नगर में भगवान की आरती आयोजित की जाएगी। महोत्सव का मुख्य आकर्षण 21 अप्रैल को शाम 4:30 बजे निकाली जाने वाली भव्य शोभायात्रा होगी, जो शीतला मंदिर से प्रारंभ होकर पं. देवकीनंदन दीक्षित स्कूल में समाप्त होगी। यहां धर्मसभा का आयोजन होगा, जिसमें स्वामी घनश्यामाचार्य महाराज आशीर्वचन देंगे। इसके पश्चात महाआरती और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, बैंड, नर्तक दल एवं पारंपरिक वाद्य यंत्र विशेष आकर्षण रहेंगे। आयोजन की तैयारियों में समाज के कई प्रमुख लोग जुटे हुए हैं।



