सीपत-बलौदा मार्ग की बदहाली को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी का हल्लाबोल, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़ धर्मेंद्र कुमार पांडेय
मस्तूरी विकासखंड अंतर्गत तहसील सीपत नवाडीह चौक से बलौदा तक जाने वाली लोक निर्माण विभाग (PWD) की जर्जर सड़क की बदहाली पर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी के प्रतिनिधियों ने आज अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), मस्तूरी को ज्ञापन सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत, गड्ढों की भराई तथा आवश्यकतानुसार संपूर्ण नवीनीकरण की मांग की है।
ज्ञापन में पार्टी ने अवगत कराया कि यह मार्ग लंबे समय से दयनीय स्थिति में है। सड़क पर बने जानलेवा बड़े-बड़े गड्ढे, उखड़ी हुई डामर की परत, टूटे किनारे और बारिश के दिनों में होने वाला जलभराव हर वक्त बड़ी दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है। इस प्रमुख मार्ग से प्रतिदिन हजारों की संख्या में ग्रामीण, किसान, मजदूर, छात्र-छात्राएं, एम्बुलेंस और स्कूल वाहन गुजरते हैं। सड़क की दुर्दशा के कारण आम जनता को भारी मानसिक व शारीरिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
*त्वरित कार्रवाई की मांग
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तत्काल मौके का निरीक्षण कर तकनीकी जांच कराएं। आम जनमानस की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सड़क के गड्ढों को तुरंत भरा जाए और प्राथमिकता के आधार पर मार्ग का डामरीकरण/नवीनीकरण किया जाए।
**उग्र आंदोलन की चेतावनी**
पार्टी के पदाधिकारियों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क सुधार का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो जनहित में संवैधानिक दायरे में रहकर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत धरना, प्रदर्शन और चक्काजाम जैसी स्थिति निर्मित होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग एवं स्थानीय प्रशासन की होगी।




