बच्चा चोर समझकर पकड़ी गई तीन महिलाएं, जांच में खुला पुराना राज; एक निकली 3 साल पुराने चोरी-ठगी मामले की आरोपी, भेजी गई जेल.झाड़-फूंक के बहाने घर में घुसकर नकदी-जेवर पार करने का आरोप, दो महिलाओं पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़ ( धर्मेंद्र कुमार पांडेय )
सीपत थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह के बीच ग्रामीणों द्वारा पकड़ी गई तीन महिलाओं की जांच में पुलिस को चौंकाने वाला खुलासा मिला है। पूछताछ और रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि इनमें से एक महिला करीब तीन साल पुराने ठगी और चोरी के मामले की आरोपी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।जानकारी के अनुसार शनिवार को ग्राम बनियाडीह में घूम-घूमकर भीख मांगने वाली तीन महिलाओं को ग्रामीणों ने बच्चा चोर होने के शक में पकड़ लिया। ग्रामीणों का आरोप था कि महिलाएं बच्चों को चॉकलेट का लालच देकर अपने पास बुला रही थीं। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और तीनों महिलाओं को पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस तीनों महिलाओं को सीपत थाना लेकर आई और पूछताछ शुरू की। शुरुआत में महिलाओं ने पुलिस को अपने नाम और पता अलग-अलग बताकर गुमराह करने की कोशिश की। हर बार नाम बदलने पर पुलिस को शक हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना सही नाम-पता बताया और चकरभाठा क्षेत्र का निवासी होना स्वीकार किया।



