Uncategorized

सीपत के खम्हरिया में 30 लाख की ज्वेलरी लूट

बाइक सवार तीन बदमाशों ने व्यापारी को बनाया निशाना , जांच में जुटी पुलिस दुकान बंद कर रहे ज्वेलरी कारोबारी से सेकंडों में तीन झोले पार, CCTV में कैद हुए वारदात – व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

(धर्मेंद्र पांडेय) सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खम्हारिया बस स्टैंड में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने ज्वेलरी व्यापारी से दिनदहाड़े करीब 30 लाख रुपए के सोना-चांदी के आभूषण और नगदी से भरे तीन झोले लूट लिए और फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, वहीं व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा निवासी विनय सोनी की खम्हरिया बस स्टैंड में रमेश ज्वेलरी शॉप के नाम से दुकान संचालित है। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे वे रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने सोना-चांदी के आभूषण तीन अलग-अलग झोलों में रख लिए थे और शटर गिरा रहे थे। इसी दौरान सीपत की ओर से एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक से उतरा एक युवक तेजी से दुकान के सामने पहुंचा और नीचे रखे तीनों झोले उठाकर तुरंत बाइक में बैठ गया। इसके बाद तीनों आरोपी मड़ई-बिटकुला मार्ग की ओर फरार हो गए। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि व्यापारी और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। बताया जा रहा है कि झोलों में करीब 60 ग्राम सोना, लगभग 6 से 8 किलो चांदी के आभूषण और कुछ नगदी रखी हुई थी। लूटे गए माल की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए के बीच बताई जा रही है। हालांकि पुलिस द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।घटना की सूचना मिलते ही सीपत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए नियमित पुलिस गश्त, स्थाई पुलिस चौकी की स्थापना और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की वारदात ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!