Uncategorized

जेवरा में एकलव्य विद्यालय खोलने की मांग तेजः भाजपा नेता दिलेन्द्र कौशिल ने केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव से की मुलाकात

छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़(धर्मेंद्र कुमार पांडेय) भाजपा नेता दिलेन्द्र कौशिल ने नई दिल्ली स्थित केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव के कार्यालय में शिष्टाचार भेंट कर मस्तूरी विकासखंड के सीपत तहसील अंतर्गत आने वाले आदिवासी बहुल ग्राम पंचायत जेवरा में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS) खोलने की मांग की है।

मुलाकात के दौरान कौशिल ने मंत्री उरांव को बताया कि जेवरा एवं आसपास का क्षेत्र आदिवासी बहुल है, जहां उच्च गुणवत्ता वाली आवासीय शिक्षा की सख्त आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि एकलव्य विद्यालय खुलने से क्षेत्र के आदिवासी विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिलेगा।गौरतलब है कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित किए जाते हैं। इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को निशुल्क आवास, भोजन, शिक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। साथ ही डॉक्टर, इंजीनियर, पीएससी और यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कोचिंग की व्यवस्था भी की जाती है।

दिलेन्द्र कौशिल ने कहा कि यदि जेवरा पंचायत में एकलव्य विद्यालय की स्थापना होती है तो इससे न केवल मस्तूरी विकासखंड बल्कि आसपास के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों को भी बड़ा लाभमिलेगा और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आएगा।केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव ने इस मांग पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित विभाग के संचालक को प्रस्ताव पत्र अग्रेषित करते हुए आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

क्षेत्रवासियों ने दिलेन्द्र कौशिल के इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही जेवरा में एकलव्य विद्यालय की स्थापना को मंजूरी मिलेगी, जिससे आदिवासी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!