Uncategorized

जेवरा जंगल में सागौन लकड़ी की अवैध कटाई और तस्करी के मामले में सीपत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई

(धर्मेंद्र पांडेय) :– थाना क्षेत्र के ग्राम नवापारा जेवरा जंगल में सागौन लकड़ी की अवैध कटाई और तस्करी के मामले में सीपत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 नग सागौन के लट्ठे, एक डीजल आरा मशीन तथा एक पिकअप वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 2 लाख 21 हजार 827 रुपये आंकी गई है। सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा से मिली जानकारी के अनुसार 26 फरवरी दिन गुरुवार की रात पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्ति जेवरा जंगल से सागौन पेड़ों की कटाई कर लकड़ी को पिकअप वाहन में भरकर जांजगीर की ओर ले जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित कर तत्काल रेड कार्रवाई की गई। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने पिकअप वाहन क्रमांक CG-11 AB-0612 को रोककर जांच की, जिसमें पन्नी से ढंके 16 नग सागौन लकड़ी के लट्ठे बरामद हुए। मौके पर मौजूद पांचों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। इस दौरान रामचंद कुर्रे (41 वर्ष), पिता मदनलाल कुर्रे निवासी बिरगहनी, थाना बलौदा जिला जांजगीर-चांपा , संतोष कुमार (50 वर्ष) पिता घासीराम निवासी बिरगहनी, थाना बलौदा जिला जांजगीर-चांपा, जय सिंह ओगरे (62 वर्ष) पिता धनाराम ओगरे, निवासी ठरगा बहरा, थाना बलौदा जिला जांजगीर-चांपा ,
लिल्लू राम पटेल पिता कुंजराम पटेल (56 वर्ष), निवासी महुदा, थाना बलौदा जिला जांजगीर-चांपा , रघुवीर सिंह मरावी पिता सुमेर सिंह मरावी (40 वर्ष), निवासी महुदा, थाना बलौदा, जिला जांजगीर चांपा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से 16 नग सागौन लकड़ी कीमत 65,827 रुपये ,डीजल आरा मशीन मय ब्लेड कीमत 6,000 रुपये , पिकअप वाहन कीमत 1,50,000 रुपये जब्त किया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध वन संपदा की चोरी एवं संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने कहा कि जंगल हमारी अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं। अवैध कटाई और तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सीपत क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। सीपत पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में जंगल माफियाओं के खिलाफ सख्त संदेश गया है तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!