Uncategorized

बिलासपुर पुलिस की नई पहल अनुभव Q R कोड से जनता सीधे आईजी को दे सकेंगे थानो का फीडबैक

बिलासपुर( धर्मेंद्र पांडेय) पुलिस रेंज में तकनीक और पारदर्शिता के संगम से पुलिसिंग को नई दिशा देने की पहल शुरू हो गई है। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग की परिकल्पना से तैयार ‘अनुभव’ QR कोड का गुरुवार को बिलासपुर पुलिस लाइन स्थित चेतना हॉल में भव्य शुभारंभ किया गया। इस व्यवस्था के लागू होने से अब थाने आने वाला कोई भी नागरिक सीधे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक अपनी बात और फीडबैक पहुंचा सकेगा।

कार्यक्रम में संभाग आयुक्त, आईजी, कलेक्टर, एसएसपी सहित रेंज के सभी जिलों के पुलिस कप्तान वर्चुअली शामिल हुए। आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि पुलिस को तकनीकी रूप से अधिक सक्षम और जनता के प्रति जवाबदेह बनाना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से रेंज के आठ जिलों—बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, जीपीएम, सारंगढ़ और सक्ती—के सभी थानों में यह QR कोड स्थापित किए गए हैं।

QR कोड स्कैन करते ही एक सरल गूगल फॉर्म खुलेगा, जहां नागरिक थाने के व्यवहार, सेवा और व्यवस्था पर अपनी राय दे सकेंगे। खास बात यह है कि फीडबैक देने वाले व्यक्ति की पहचान और मोबाइल नंबर पूरी तरह गोपनीय रखे जा सकते हैं। आईजी ने जनता से निर्भय होकर वास्तविक फीडबैक साझा करने की अपील की, ताकि पुलिसिंग व्यवस्था में निरंतर सुधार किया जा सके।

एसएसपी बिलासपुर रजनेश सिंह ने बताया कि जिले के सभी थानों में QR कोड लगा दिए गए हैं और प्राप्त फीडबैक के आधार पर थानों की कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से QR कोड के उपयोग की जानकारी दी गई और अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर आयोजन का समापन किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!